Breaking News

जनता कह रही है — सत्ता नहीं, संवेदनशीलता चाहिए ?

तमिलनाडु और नेपाल बने बड़े उदाहरण, जहां के मुख्य नेता ने बदले वीआईपी कल्चर के मायने !

आदित्य सिंह की कलम से

देश की राजनीति में इन दिनों दो ऐसी तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं, जिन्होंने आम जनता के दिल को छू लिया है।

पहली तस्वीर तमिलनाडु से सामने आई, जहां मुख्यमंत्री थलपति विजय ने यह संदेश देने की कोशिश की कि जनप्रतिनिधि जनता से ऊपर नहीं, बल्कि जनता के बीच हैं।

सरकारी अस्पतालों में इलाज को बढ़ावा देने, वीआईपी संस्कृति को कम करने और मुख्यमंत्री के काफिले के लिए आम लोगों का ट्रैफिक न रोके जाने जैसे फैसलों ने लोगों के भीतर यह उम्मीद जगाई कि सत्ता का असली अर्थ सेवा होता है, विशेषाधिकार नहीं।

दूसरी तस्वीर पड़ोसी देश नेपाल से आई, जहां प्रधानमंत्री ने साफ संदेश दिया कि जनता को परेशान करके नेताओं की सुविधा नहीं चलेगी। उनके काफिले के लिए सड़कें रोकने पर रोक लगाने और मंत्रियों-विधायकों के लिए सख्त प्रोटोकॉल तय करने के फैसलों को आम नागरिकों ने राहत की सांस की तरह महसूस किया।

नेपाल की जनता ने इसे “जनता के समय और सम्मान की रक्षा” बताया।

अब यही चर्चा मध्यप्रदेश की गलियों, चौराहों और सोशल मीडिया तक पहुंच चुकी है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि जब दूसरे राज्यों और देशों में नेता आम नागरिकों की परेशानियों को समझते हुए बदलाव ला सकते हैं,

तो यहां क्यों नहीं?

भोपाल से लेकर इंदौर, जबलपुर से ग्वालियर तक आम लोग एक ही बात कहते दिखाई दे रहे हैं—
“नेताओं का काफिला निकलने से पहले अगर आम आदमी घंटों सड़क पर खड़ा रहेगा, एम्बुलेंस फंसेगी, छात्र परीक्षा में देर से पहुंचेंगे और मजदूर काम पर नहीं जा पाएंगे, तो लोकतंत्र का असली अर्थ कहां बचता है?”

जनता अब ऐसे जनप्रतिनिधि चाहती है जो सरकारी अस्पतालों पर भरोसा करें, ताकि वहां की व्यवस्थाएं भी मजबूत हों। लोग चाहते हैं कि विधायक और मंत्री भी उसी व्यवस्था से गुजरें, जिससे रोज एक आम नागरिक गुजरता है। क्योंकि जब सत्ता खुद सरकारी सेवाओं का उपयोग करेगी, तभी उन सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने की असली चिंता पैदा होगी।

मध्यप्रदेश में भी अब यह मांग तेज होती जा रही है कि वीआईपी संस्कृति खत्म हो, नेताओं के लिए ट्रैफिक रोकने की परंपरा बंद हो और जनता को “सुविधा से पहले सम्मान” मिले। सोशल मीडिया पर कई लोग लिख रहे हैं कि
“जनता टैक्स इसलिए नहीं देती कि उसकी जिंदगी सड़क पर रोक दी जाए, बल्कि इसलिए देती है कि व्यवस्था सबके लिए बराबर बने।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में वही नेता जनता के दिल में जगह बना पाएंगे, जो सादगी, जवाबदेही और संवेदनशीलता को राजनीति का हिस्सा बनाएंगे। तमिलनाडु और नेपाल की ये पहलें केवल प्रशासनिक फैसले नहीं, बल्कि लोकतंत्र में बराबरी का संदेश हैं।

अब निगाहें मध्यप्रदेश और देश के अन्य राज्यों पर हैं। जनता इंतजार कर रही है कि यहां के नेता भी वीआईपी कल्चर और लंबे काफिलों से आगे बढ़कर जनता की तकलीफ को समझने की राजनीति शुरू करेंगे या नहीं। क्योंकि आज का नागरिक केवल भाषण नहीं, व्यवहार में बदलाव देखना चाहता है।

About adminraj

Check Also

भवन Building निर्माण में भी अब उपचारित पानी का ही करना पड़ेगा इस्तेमाल, अन्यथा काम रुकवा देगा नगर निगम।

इंदौर में भीषण गर्मी में पानी के संकट को देखते हुए निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Contact Us